रामानंद सागर की ‘रामायण’ की मशहूर तिकड़ी एक बार फिर साथ नजर आई। प्रयागराज में निकली भव्य कलश यात्रा में अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी शामिल हुए, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बताया गया कि यह कलश यात्रा बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बुलावे पर निकाली गई थी। तीनों कलाकार रथ पर सवार होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। रास्ते भर लोगों ने उन पर फूल बरसाए और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
अरुण गोविल, जिन्होंने ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाया था, दीपिका चिखलिया (सीता) और सुनील लहरी (लक्ष्मण) को आज भी लोग उसी श्रद्धा से देखते हैं। तीनों को एक साथ देखने के लिए लोग उत्साहित नजर आए और कई जगहों पर रुककर उनका स्वागत किया गया।
इस भव्य यात्रा की झलक खुद दीपिका चिखलिया ने सोशल मीडिया पर भी शेयर की। वीडियो में तीनों कलाकार हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते दिखे और फैंस के साथ फोटो और ऑटोग्राफ भी दिए।
यह कलश यात्रा 21 अप्रैल से शुरू होने वाली हनुमंत कथा से पहले निकाली गई। यात्रा जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान से शुरू होकर नवग्रह मंदिर, रामबाग तक गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। महिलाएं पीले वस्त्र पहनकर सिर पर कलश रखे इस शोभायात्रा का हिस्सा बनीं।
प्रयागराज की सड़कों पर निकली इस यात्रा ने एक बार फिर दिखाया कि ‘रामायण’ के ये चेहरे सिर्फ कलाकार नहीं, बल्कि लोगों की आस्था का हिस्सा बन चुके हैं।


Leave a Reply